पति से कहासुनी पर नैनीझील में कूदी महिला

नैनीताल। लखनऊ निवासी दंपति में कहासुनी पर पत्नी नैनीझील में कूद गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह महिला को झील से बाहर निकाल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। अमीनाबाद लखनऊ निवासी एक युवक की डेढ़ महीने पहले शादी हुई थी। युवक पत्नी के साथ नैनीताल घूमने आया था। शुक्रवार को दोनों मॉल रोड पर घूम रहे थे। इसी दौरान महिला ने पति से वापस लखनऊ चलने को कहा। इस पर पति ने एक-दो दिन और घूमने की बात कही। इस पर दोनों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों में कहासुनी काफी बढ़ गई। इसी बीच महिला ने झील में छलांग लगा दी। यह देख स्थानीय लोगों ने महिला को किसी तरह झील से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दोनों लड़ते हुए तल्लीताल पहुंच गए। तल्लीताल पुलिस चौकी के सामने दोनों ने हंगामा खड़ा कर दिया। पुलिस ने दोनों से पूछताछ कर किसी तरह मामला शांत कराया। एसओ रोहिताश सिंह सागर ने बताया कि दोनों के खिलाफ पुलिस एक्ट में चालानी कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *