मंत्रिमंडल गठन में पछुवादून के हाथ खाली

विकासनगर। मंत्रिमंडल गठन में पछुवादून को प्रतिनिधित्व नहीं मिलने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही आम जनता को भी निराशा हाथ लगी। हालांकि पछुवादून के दोनों विधायकों ने मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किए जाने पर कोई प्रत्यक्ष प्रतिक्रिया नहीं दी। अलबत्ता यह जरूर कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता के हित के लिए अभूतपूर्व कार्य किया जाएगा। हालांकि भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरे पर निराशा जरूर दिखाई दी। पांचवीं विधान सभा में पछुवादून से भाजपा के दो विधायक भारी मतों के अंतर से जीतकर विधान सभा पहुंचे थे। विकासनगर से मुन्ना चौहान ने लगातार दूसरी बार जीत दर्जकर पांच बार विधायक बनने का रिकॉर्ड बनाया था। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही आम जनता को भी इस चौहान को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की आशा थी। कई कार्यकर्ता विकासनगर विधायक को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने को लेकर आश्वस्त थे। इसके लिए विकासनगर विधानसभा के कई भाजपा कार्यकर्ता मंगलवार रात ही देहरादून पहुंच गए थे। दोपहर बारह बजे तक शपथ लेने वाले मंत्रियों पर स्थिति स्पष्ट होने के भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरे पर मायूसी छाने लग गई थी। यही हाल, सहसपुर विधानसभा के भाजपा कार्यकर्ताओं का भी रहा। हालांकि सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर लगातार तीसरी बार चुनाव जीतने बावजूद मंत्री पद को लेकर खुलकर सामने नहीं आए। उन्होंने चुनाव जीतने के बाद दिल्ली की दौड़ भी नहीं लगाई थी। बुधवार को भी पुंडीर सुबह से ही अपने सुद्धोवाला स्थित आवास पर ही रहे। हालांकि लगातार तीन बार विधायक बनने पर स्थानीय कार्यकर्ताओं को मंत्रिमंडल में जगह मिलने की उम्मीद थी। हालांकि पछुवादून से निर्वाचित दोनों ही विधायकों ने उन्हें शामिल नहीं किए जाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। अलबत्ता यह जरूर कहा कि जनता ने उन्हें जिन अपेक्षाओं को लेकर विधानसभा भेजा है, उन्हें पूरा किया जाएगा। वहीं, स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि अभी भविष्य में पछुवादून को प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना बरकरार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *