विधायक नंद किशोर गुर्जर का करीबी धनुष गिरफ्तार

गाजियाबाद

गाजियाबाद जिले की लोनी पुलिस ने सलाम होटल के मालिक से रंगदारी मांगने वाले एक लाख के इनामी बदमाश पवन उर्फ कल्लू की मदद करने के आरोप में भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर के करीबी धनुष गुर्जर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि धनुष फरार चल रहे बदमाश पवन के संपर्क में बना हुआ था। वहीं, होटल पर फायरिंग करने के लिए बदमाश पवन को हथियार मुहैया कराने वाले शख्स का भी पुलिस ने पता लगा लिया है, जिसकी जल्द गिरफ्तार हो सकती है। एसएचओ लोनी अजय कुमार ने बताया कि लोनी के सिरौली गांव के रहने वाले धनुष गुर्जर पर सलाम होटल के मालिक से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश पवन उर्फ कल्लू की मदद करने और लगातार उसके संपर्क में रहने का आरोप है। सूत्रों की मानें तो पुलिस फरार बदमाश पवन की तलाश में जुटी है। कई बार उसके ठिकानों पर दबिश देने के बाद भी वह पुलिस की गिरफ्त से दूर है। फिर पुलिस ने पवन के करीबियों की कुंडली खंगाली। जांच में पता चला कि लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर का करीबी धनुष गुर्जर बदमाश के संपर्क में है। वह उससे वॉट्सऐप कॉल के जरिये संपर्क साधता है। पुलिस से बचने में वह पवन की मदद भी कर रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ तमाम सबूत जुटा कर उसे गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार धनुष गुर्जर लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर का करीबी है। पिछले साल 27 अक्टूबर में सलाम होटल के मालिक से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगे जाने का मामला प्रकाश में आया था। इस मामले में पवन के छह करीबी बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जिनमें 25-25 हजार रुपये के इनामी दादरी गौतमबुद्धनगर निवासी अंकुर और पहाड़गंज दिल्ली निवासी अंश उर्फ हंसा व सोनिया विहार दिल्ली निवासी सूरज शर्मा, लोनी निवासी गौरव, आकाश और ट्रोनिका सिटी निवासी सोनू शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *