पीएचसी पिलखी के उच्चीकरण की फाइल शासन में
नई टिहरी। भिलंगना ब्लॉक का प्रथामिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी के उच्चीकरण हेतु स्वास्थ्य विभाग ने फाइल शासन को भेजी है। क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से पीएचसी के उच्चीकरण की मांग करते आ रहे थे। पीएचसी के उच्चीकरण हेतु ग्रामीणों ने अपनी करीब आठ नाली भूमि दान भी की है।
पीएचसी पिलखी में भिलंगना और प्रतापनगर ब्लॉक के मरीज अपने उपचार के लिये पहुंचते है, लेकिन उच्चीकरण न होने से अस्पताल में मरीजों को उचित सुविधाओं नहीं मिल पा रही है। ग्रामीण कई वर्षों से प्रथामिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण की मांग करते आ रहे है। बीते दिसंबर माह में भी क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बैठक सरकार से पिलखी स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण की मांग की थी। क्षेत्र पंचायत सदस्य कृष्णा गैराला, ग्राम प्रधान पिलखी बबीता देवी, अंजना देवी, देव सिंह बिष्ट आदि ने बताया कि संबंध में क्षेत्र के लोगों ने पूर्व के वर्षों में क्षेत्रीय विधायक शाक्ति लाल शाह के समक्ष स्वास्थ्य केंद्र की उच्चीकरण की मांग रखी थी। वर्ष 2018 में विधायक ने भी स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण का क्षेत्र के लोगों से वादा किया था, लेकिन विधायक आश्वासन के बाद भी पिखली स्वास्थ्य केंद्र का उच्चीकरण नहीं हो पाया। उधर पीएचसी पिलखी के प्रभारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में वर्तमान समय में कुल नौ बेड हैं, जिसमें से चार बेड बच्चों के तथा पांच बेड बड़े मरीजों के हैं। स्वास्थ्य केंद्र में भिलंगना के साथ-साथ प्रतापनगर क्षेत्र के मरीज आते हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुये स्वास्थ्य केंद्र का उच्चीकरण किया जाना जरूरी है।
