गन्ना पर्चियां नहीं मिलने से किसान परेशान
रुड़की। कस्बा निवासी किसानों का कहना है कि इकबालपुर शुगर मिल और उत्तम शुगर मिल से गन्ना पर्ची न मिलने से परेशानी हो रही है। इससे कई किसानों का गन्ना खेतों में ही खड़ा है। कस्बा झबरेड़ा, भक्तोवाली और कोटवाल आदि गांव के किसान भोला सिंह, प्रमोद, भीम सिंह, सुशील और राजपाल भगत आदि का कहना है कि इकबालपुर शुगर मिल और उत्तम शुगर मिलो में गन्ना आपूर्ति करने के लिए अपनी-अपनी गन्ना पर्चियां बनवा रखी हैं। ताकि समय पर उनका गन्ना शुगर मिलों में डाला जा सके। इसके बाद भी दोनों चीनी मिलों की आरे से गन्ना पर्ची न के बराबर किसान को दी जा रही है। फरवरी आधा बीत जाने के बाद भी उनके खेतों में आधे से अधिक गन्ना खड़ा है। कस्बे के किसानों को गन्ना सप्लाई के लिए कोटवाल आलमपुर में उत्तम शुगर मिल की ओर से गन्ना तोल कांटा लगाया गया है, लेकिन कई हफ्ते बीत जाने के बाद भी गन्ना पर्ची किसानों को नहीं मिल पा रही है। गन्ना पर्ची किसानों को समय पर मिल सके। इसके लिए चीनी मिल के अधिकारियों से भी कई बार वार्ता की जा चुकी है। लेकिन आश्वासन के अलावा गन्ना पर्ची सप्लाई में कोई फर्क नहीं आया है। खेतों में आज भी अधिक गन्ना खड़ा होने के कारण किसान परेशान हैं। किसानों में दोनों चीनी मिलों के प्रति गुस्सा पनप रहा है। इकबालपुर और उत्तम शुगर मिल प्रबंधकों से समय से पर्ची देने की मांग किसानों की ओर से की गई है।
