आचार संहिता लागू होने के साथ भाजपा सरकार के दिन समाप्त : नवप्रभात 

विकासनगर। प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद अब पछुवादून में शिलान्यास और लोकार्पण का सिलसिला थम गया है। अब राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि और संभावित प्रत्याशी घर-घर जाकर जनता से जन संपर्क कर रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को कांग्रेस ने मेंहूवाला और ढकरानी में ग्रामीणों से संवाद किया। कहा कि भाजपा विधायक कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों पर खुशी मना रहे हैं। मेंहूवाला में ग्रामीणों से संवाद करते हुए पूर्व काबीना मंत्री नवप्रभात ने कहा कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद अब भाजपा सरकार के दिन समाप्त हो गए हैं। भाजपा के विधायक समेत पूरी सरकार को अंदाजा आ गया है कि अगले पांच साल तक उन्हें अपने घर में ही रहना है। इस दौरान प्रदेश और विकासनगर में कांग्रेस सरकार और कांग्रेस विधायक विकास करेंगे। कहा कि पांच साल में विकासनगर विधान सभा में जिन विकास कार्यों का दावा किया जा रहा है, जनता को पता है कि सभी विकास कार्य कांग्रेस शासन काल में शुरू हुए थे। उन्होंने बताया कि नावघाट पुल के लिए वित्तीय स्वीकृति कांग्रेस शासन काल में मिल चुकी थी। अब भाजपा विधायक इसे अपनी उपलब्धि बता रहे हैं, लेकिन हिमाचल प्रदेश और पछुवादून की जनता को सच्चाई पता है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक अपनी उपलब्धियों की चर्चा आने वाले पांच साल बाद करें, अभी तो कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों पर वो अपनी खुशी जता रहे हैं। लेकिन ये खुशी दस मार्च के बाद गायब हो जाएगी। इस दौरान आशा राम, कुंवर सिंह, संजय ठाकुर, सुशील कुमार, सुनील राठौर, अभिनव ठाकुर, धीरज नौटियाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *