गन्ना छिलाई का काम रहा प्रभावित
रुड़की। दिन भर बूंदाबांदी के चलते शुक्रवार को ग्रामीण इलाकों में कृषि कार्य प्रभावित रहे। गन्ना छिलाई के अलावा गन्ना कोल्हू पर भी गन्ना पेराई प्रभावित रही। बाजारों में भी लोगों की हलचल काफी कम रही। सुबह के समय हल्का कोहरा आने के बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई। जो रुक-रुक कर दिन भर चलती रही। इससे मौसम भी काफी ठंडा हो गया। कृषि कार्यों पर इसका काफी असर हुआ। गन्ने की छिलाई प्रभावित रही। किसान योगेश कुमार ने बताया कि गन्ने की छिलाई प्रभावित होने से मवेशियों के सामने हरे चारे का संकट रहा। हरे चारे के स्थान पर पशुओं को सूखा भूसा डालना पड़ा। किसान रविंद्र सिंह, गौरव कुमार आदि ने बताया कि बूंदाबांदी के कारण खाली पड़े खेतों की जुताई गुड़ाई नहीं हो पाई। खेतों को समतल करने का कार्य प्रभावित हुआ। सब्जी उत्पादक राजेश कुमार ने बताया कि हल्की बारिश से अभी सब्जी वाली फसलों को कोई नुकसान नहीं है। अधिक बारिश हुई तो सब्जी वाली फसलों को नुकसान होने की आशंका है। गन्ना कोल्हू चलाने वाले सरफराज ने बताया कि बारिश से इंधन गिला हो जाने के कारण इसका सीधा असर पेराई कार्य से होने वाले गुड उत्पादन पर पड़ा है। दूसरी तरफ बूंदाबांदी से बढ़ी ठिठुरन के कारण बाजारों में भी चहल पहल कम ही रही।
