केजरीवाल की रैली से लौटे नेताओं ने कराया एंटीजन टेस्ट

 

काशीपुर। देहरादून में आम आदमी पार्टी की रैली के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कोरोना संक्रमित आने के बाद उत्तराखंड में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। देहरादून रैली के बाद वापस काशीपुर पहुंचे आप पार्टी के वरिष्ठ नेता दीपक बाली ने खुद को आइसोलेट कर सोमवार की सुबह अपने आधा दर्जन साथियों के साथ सरकारी अस्पताल में पहुंचे। जिसमें सभी टेस्ट निगेटिव आने पर आप नेताओं ने राहत की सांस ली। बीते दिनों देहरादून में आयोजित आप पार्टी की जनसभा में पूरे उत्तराखंड से हजारों लोग देहरादून पहुंचे थे। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए रैली में शामिल होने वालों से कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा जताया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग मामले के संवेदनशीलता को समझते हुए रैली में शामिल होकर लौटने वालों पर नजर रखे हुए हैं। आप पार्टी के दीपक बाली ने बताया उन्होंने रैली से वापस लौटे सभी पदाधिकारियों को एंटीजन टेस्ट कराने तक आइसोलेशन में रहने की बात कही है। उन्होंने कहा कोरोना संक्रमण को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उधर, कोरोना नोडल अधिकारी डॉ.अमरजीत साहनी ने बताया कि आप पार्टी की ओर से रैली में शामिल होने वालों की हम सूची बनाकर उन्हें आइसोलेट करके उनके कोविड टेस्ट करा रहे हैं। सोमवार की कुछ आप नेताओं का एंटीजन टेस्ट कराया गया है जिनमें संक्रमण नहीं निकला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *