रजिस्ट्रेशन में समय लगने से टीकाकरण की रफ्तार धीमी
रुड़की। सोमवार को लक्सर के 22 टीकाकरण केंद्रों पर 15 प्लस छात्र-छात्राओं को कोविड का टीका लगाया गया। टीकाकरण को लेकर छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह दिखा। हालांकि टीका लगाने से पूर्व ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में काफी समय लगने के कारण टीकाकरण की रफ्तार अपेक्षा से धीमी रही।
सोमवार का लक्सर नगर के अलावा देहात क्षेत्र में स्थित 22 सरकारी और वित्तविहीन मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में छात्र- छात्राओं को कोविड का टीका लगाने का अभियान शुरू किया गया। एसडीएम वैभव गुप्ता और सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनिल वर्मा ने लक्सर के होली क्रॉस स्कूल में फादर लॉरेंस तारसीस और प्रिंसीपल सिस्टर सौम्या की मौजूदगी में अभियान की शुरुआत की। उन्होंने स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों से कहा कि कोविड का टीका पूरी तरह सुरक्षित है। इसका कोई साइड इफेक्ट नहीं है। इसे लगवाने से कोरोना के हर तरह के वायरस के संक्रमण का खतरा लगभग शून्य हो जाता है। कोरोना का टीका लगवाने को लेकर स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ ही अभिभावक भी काफी जागरूक दिखाई दिए। हालांकि टीका लाने से पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा किए जा रहे किशोरों के ऑनलाइन पंजीकरण में काफी समय लगा। इसके चलते टीकाकरण केंद्रों पर टीकाकरण अपेक्षित गति से नहीं चल पाया। सीएचसी के बीपीएम आशीष शर्मा ने बताया कि सभी केंद्रों पर टीकाकरण किया जा रहा है। शाम तक करीब नौ सौ छात्र-छात्राओं को टीके लगाए गए हैं। बाद में एसडीएम और सीएचसी अधीक्षक ने नगर स्थित केवी इंटर कॉलेज, आईपी इंटर कॉलेज, सैंट थॉमस स्कूल, सुल्तानपुर के शिक्षा राज इंटर कॉलेज, जनता इंटर कॉलेज व सैंट जेपी कॉन्वेंट स्कूल में अभियान का निरीक्षण भी किया।
