बैंककर्मी को गोली मारने के आरोप में तीन पर मुकदमा
रुड़की। मुंडाखेड़ा निवासी बैंक कर्मचारी को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने गांव के ही एक युवक को नामजद करते हुए तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के चार दिन बाद बैंककर्मी के भाई ने इसकी तहरीर पुलिस को दी थी। पुलिस आरोपों की जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।मुंडाखेड़ा कलां गांव निवासी विरेंद्र सिंह (42) पुत्र होशियार सिंह लक्सर की एक बैंक शाखा में काम करता है। इसी 29 दिसंबर का देर शाम वह काम खत्म करने के बाद बाइक पर अपने घर जा रहा था। खड़ंजा गांव से निकलकर मुंडाखेड़ा में घुसते ही उसे गोली मार दी गई थी। गोली विरेंद्र के कंघे में लगी थी। इसके बाद गोली मारने वाले अपना तमंचा वहीं फेंककर भाग गए थे। परिजन उसे लक्सर लाए थे, जहां से उसे जौलीग्रांट रेफर कर दिया गया था। इलाज के बाद फिलहाल विरेंद्र की हालत खतरे से बाहर है। रविवार देर शाम विरेंद्र के भाई अरविंद कुमार ने कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर दी। तहरीर में उसने गांव के ही विक्की और दो अन्य युवकों पर भाई की हत्या करने के इरादे से गोली मारने का आरोप लगाया।
