शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए मांगा समर्थन
रुड़की।
कलियर थाना क्षेत्र के मेहवड़ कलां गांव के इंटर कालेज में रुड़की सीओ विवेक कुमार ने आने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर क्षेत्र के चौकीदारों और गणमान्य लोगों के साथ बैठक की। चुनाव में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। कलियर थाना क्षेत्र के मेहवड़ कलां गांव के इंटर कालेज में आने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सीओ विवेक कुमार और थाना प्रभारी धर्मेंद्र राठी ने एक गोष्ठी आयोजित की। जिसमें गांव मेहवड़ कलां के ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्य ग्राम चौकीदार तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। सीओ विवेक कुमार ने आगामी विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न करने के लिए ग्रामवासियों से सहयोग की अपील की गई तथा चुनाव के दौरान गड़बड़ी पैदा करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित करने का सुझाव दिया गया। ग्राम स्तर पर आपसी रंजिश छोटे-मोटे झगड़े तथा पूर्व की रंजिश के दृष्टिगत चुनाव के दौरान माहौल खराब करने वाले आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया। ग्रामवासियों से चुनाव से संबंधित तथा क्षेत्र से संबंधित सुझाव तथा समस्याओं को सुना गया।
