रक्षा संपदा दिवस पर सम्मानित हुए कैंट स्टॉफ
देहरादून।
छावनी परिषद गढ़ी ने रक्षा संपदा दिवस मनाया। शहीद दुर्गा मल्ल पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कैंट स्टॉफ को सम्मानित भी किया गया। इससे पूर्व मुख्य अतिथि सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, बोर्ड अध्यक्ष डिप्टी जीओसी ब्रिगेडियर अनिर्बन दत्ता एवं कैंट बोर्ड की सीईओ तनु जैन ने सीडीएस प्रमुख जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि दी। गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री जोशी ने रक्षा संपदा दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि नमन उन वीरों को जिन्होंने अपने प्राणों की आहूति देकर पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर किया था। जोशी ने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि। आजादी से पहले और बाद में हुए तमाम युद्ध व आपरेशन में उत्तराखंडी वीरों ने अपना पराक्रम दिखाया। पिछले डेढ़ माह में ही सात जवान शहीद हुए हैं। डिप्टी जीओसी व कैंट बोर्ड अध्यक्ष ब्रिगेडियर अनिर्बन दत्ता ने कहा कि क्षेत्र में विकास के लिए जितने भी सुझाव लोगों द्वारा आयेंगे उनपर अमल करेंगे। दत्ता ने कहा कि साथ मिलकर कैंट को और बेहतर बनाएंगे। कैंट बोर्ड की सीईओ तनु जैन ने समस्त स्टॉफ व क्षेत्रवासियों को रक्षा संपदा दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि वे लगातार क्षेत्र के विकासहित में कार्य कर रही हैं। क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने के लिए कुछ जगहों से एनओसी मिलनी है। एनओसी मिलने के साथ ही इस काम को भी शुरू किया जाएगा।
