विवाहिता को फांसी देकर जान से मारने का प्रयास

रुड़की।

दंपति के विवाद में ससुरालियों ने विवाहिता को फांसी देकर जान से मारने का प्रयास किया। शोर शराबा होने पर आस-पड़ोस की भीड़ मौके पर पहुंची। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। विवाहिता का उपचार कराया गया है। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र निवासी महिला का करीब बारह साल पूर्व रुड़की में निकाह हुआ था। कुछ साल पूर्व दंपति के बीच पारिवारिक विवाद को लेकर मुकदमे बाजी शुरू हो गई। मामला बढ़ता देख दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोगों ने दंपति में समझौता करा दिया था। करीब एक सप्ताह पूर्व विवाहिता ने ससुराल में रहना शुरू कर दिया। आरोप है कि रविवार को पति और ससुराल पक्ष के लोगों से कहासुनी हो गई। ससुरालियों ने मारपीट कर जानलेवा हमला किया। फांसी देकर जान से मारने का प्रयास किया गया। शोर शराबा होने पर आस पड़ोसी मौके पर आए। मामला परिजनों तक भी पहुंचा। जिसके बाद परिजन महिला को मायके लेकर गए। सोमवार को विवाहिता ने अपने परिजनों के साथ पहुंचकर ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी। इंस्पेक्टर एश्वर्य पाल ने बताया कि तहरीर पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *