पक्षपात के आधार पर मुकदमे दर्ज करने का आरोप लगाया 

ऋषिकेश।

देवप्रयाग कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हिमांशु बिजलवाण ने शराब के ठेके के विरोध में आंदोलनरत लोगों पर पक्षपात के आधार पर मुकदमे दर्ज करने का आरोप लगाया है। कहा कि राजनीतिक दबाव के चलते कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को कांग्रेस नेता हिमांशु बिजलवाण ने ढालवाला कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता में कहा कि आंदोलन में सक्रिय रहने वाले भाजपा नेताओं के मुकदमे वापस ले लिए गए हैं। पूर्व में आंदोलन के दौरान तत्कालीन उपजिलाधिकारी लक्ष्मीराज चौहान के कार्यकाल में 11 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। इसमें वर्तमान में भाजपा नेता और पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत भी शामिल थे। उनके भाजपा में शामिल होने के बाद अब उनके ऊपर से मुकदमा हटा दिया गया है। वहीं कांग्रेस नेताओं पर एक तरफा कार्रवाई का आरोप लगाया है। बताया कि बुधवार सुबह मुनिकीरेती थाना पुलिस से उनको वारंट जारी होने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि यदि तीर्थनगरी की गरिमा की रक्षा करना अपराध है तो कांग्रेस यह अपराध बार-बार करेगी। आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की शह पर तीर्थनगरी क्षेत्र में शराब का ठेका खोल कर इसकी गरिमा को ठेस पहुंचाई जा रही है। मुनीकीरेती थाना निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि कोर्ट से आंदोलन में सक्रिय लोगों के खिलाफ वारंट जारी किए गए हैं। इसमें पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *