मामूली कहासुनी के बाद दबंगों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

रुडकी

मामूली बात पर हुई कहासुनी के बाद बहादरपुर खादर के युवक तमंचे लेकर लक्सरी में दूसरे पक्ष के युवक के घर पहुंच गए और मोहल्ले में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सूचना पर पुलिस पहुंची तो सारे युवक भाग निकले। पुलिस ने तहरीर पर छह युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लक्सरी निवासी अरमान कस्बे के मेन बाजार में कपड़े की दुकान पर काम करता है। एक अप्रैल की शाम को वह दुकान से घर लौट रहा था। रास्ते में एक बाइक से उसे हल्की सी रगड़ लग गई। इसे लेकर अरमान की बाइक सवार बहादरपुर खादर के दो युवकों से कहासुनी हो गई। पर लोगों ने उन्हें समझाकर घर भेज दिया। आरोप है कि बाद में रात करीब साढ़े नौ बजे बहादरपुर खादर के कई युवक तमंचे लेकर लक्सरी में अरमान के घर वाले मोहल्ले में पहुंच गए और अरमान का नाम लेकर गालियां देते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस पर अरमान के परिजनों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना पर चौकी की पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही सारे युवक भाग चुके थे। बाद में अरमान ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को घटना की तहरीर दी। तहरीर पर पुलिस ने बहादरपुर खादर गांव के पूर्व प्रधान नैनपाल के बेटे सागर के अलावा अभिषेक पुत्र साधू, कल्लू पुत्र पप्पू, उज्जवल पुत्र राजवीर, आशु पुत्र अजीत सिंह व सागर पुत्र राजू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *