जनरल बिपिन रावत की मौत से पछुवादून और जौनसार बावर क्षेत्र में शोक की लहर
विकासनगर।
देश के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी समेत तेरह अन्य सेना के अधिकारियों, जवानों की हवाई दुर्घटना में आकस्मिक मौत पर पछुवादून और जौनसार बावर क्षेत्र में शोक की लहर है। गुरुवार का यहां विभिन्न राजनैतिक, सामाजिक संगठनों ने हवाई दुर्घटना में मारे गए सेना के सर्वोच्च अधिकारी समेत अन्य सभी लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कांग्रेस कमेटी की ओर से गुरुवार को तिलक भवन में शोक सभा के दौरान सीडीएस बिपिन रावत समेत अन्य सैन्य अधिकारियों को श्रद्धांजलि दी गई। पूर्व काबीना मंत्री नवप्रभात समेत सभी पदाधिकारियों ने जनरल रावत के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। पूर्व काबीना मंत्री ने कहा कि इस घटना से पूरा देश सदमे में है। कांग्रेस पार्टी सभी पीड़ित परिवार के साथ है। जनरल रावत ने भारत के गौरव को असीम सीमा तक बढ़ाया है। उनकी कमी सिर्फ सैन्य बलों को ही नहीं बल्कि देश की आम जनता को भी महसूस होती रहेगी। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष शम्मी प्रकाश, कितेश जायसवाल, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, यासीन मिर्जा, दिनेश गुप्ता, बलजीत सिंह आदि मौजूद रहे।
सहसपुर विधान सभा क्षेत्र के सुद्धोवाला मंडल भाजपा कार्यकर्ताओं ने राजा रोड स्थित शहीद स्थल पर एकत्र होकर जनरल रावत और अन्य सैनिकों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान सुखदेव फर्सवाण, राजेंद्र प्रसाद बलूनी, वीर सिंह रावत, सुरजीत सिंह नखोलिया, अनिल नौटियाल आदि मौजूद रहे। विकासनगर ग्रामीण मंडल कार्यकर्ताओं ने दीपदान कर हवाई दुर्घटना में मारे गए सभी अधिकारियों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान छेदी राम भारती, माला राम, मोहित ठाकुर, खजान नेगी, नरेंद्र तोमर, अनिल कुमार, मोहित शर्मा आदि मौजूद रहे।
आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल रावत और हवाई दुर्घटना में मारे गए अन्य सैन्य अधिकारियों को विकासनगर स्थित पार्टी कार्यालय में भावभीनी श्रद्धांजलि दी। आप जिलाध्यक्ष गुरुमेल सिंह राठौर ने कहा कि जनरल रावत ने प्रथम सीडीएस के तौर पर तीनों सेनाओं के बीच समन्वय बढ़ाने के लिए अभूतपूर्व कार्य किया। इस दौरान मनोज चौधरी, गुमान सिंह, गुलफाम अहमद, मौसम सिंह मुखिया, भीम सिंह आदि मौजूद रहे।
व्यापार मंडल चकराता की ओर से शहीद चौक पर सीडीएस समेत मारे गए अन्य सभी सैन्य अधिकारियों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। व्यापारियों ने इस घटना को देश के लिए अपूर्णीय क्षति बताया। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष केशर सिंह चौहान, अमित अरोड़ा, दीपक, अजय जैन, सन्नी आनंद, निकित जैन आदि मौजूद रहे।
देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और हवाई दुर्घटना में मारे गए अन्य सैनिकों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। मंच संयोजक अतुल शर्मा ने कहा कि इस हृदय विदारक घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। कहा कि उत्तराखंड के लाल ने देश की सीमाओं की रक्षा में अपना सारा जीवन गुजार दिया था। उनके असामयिक जाने से उत्तराखंड व्यथित है। इस दौरान सुनील तोमर, संजीव गुप्ता, वीर सिंह राणा, मुकेश राज शर्मा, नवीन वर्मा, राकेश कश्यप आदि मौजूद रहे।
ढकरानी के एक निजी शिक्षण संस्थान में विकासनगर क्षेत्र के मौलाना, क्षेत्रीय जन प्रतिनिधि और समाज सेवकों ने जनरल बिपिन रावत समेत अन्य लोगों को खिराजे अकीदत पेश की और दो मिनट का मौन रखा। इस दौरान जनरल रावत के योगदान को याद करते हुए मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। शोक प्रकट करने वालों में हाजी सूफी शरीफ, मौसम सिंह कश्यप, असद आरफी, मौलाना रिहान गनी, मौलाना साबिर कासमी, अलीजान, जीशान मलिक, सरफराज अली, मसरूर अहमद, शब्बीर अहमद, वहीद हसन, मौलाना अब्दुल रहमान, कारी अब्दुल कय्यूम, मौलाना जियाउर्रहमान, मुफ्ती अफजाल आदि शामिल रहे।
