सड़क सुरक्षा समिति ने बाइला दुर्घटना के कारणों की जांच की
विकासनगर।
चकराता के बुल्हाड-कोटी कनासर-चकराता मोटर मार्ग पर 31 अक्टूबर को बायला-भरमगांव के समीप हुई लोडर दुर्घटना की जांच को लेकर सड़क सुरक्षा समिति ने मौके पर जाकर जांच की। समिति के सदस्यों ने सड़क का जायजा लेने के साथ ही कारणों की पड़ताल की।
सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष और परिवहन उप आयुक्त सुधांशु गर्ग के नेतृत्व में समिति के सदस्यों ने बायला दुर्घटना स्थल पर पहुंचकर जांच की। यहां 31 अक्टूबर को हुई लोडर दुर्घटना में 13 लोगों की मौके पर मौत हो गयी थी। दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये थे। इस मामले में दुर्घटना का एकमात्र कारण चालक की लापरवाही और ओवर लोडिंग ही पायी गई। दुर्घटना स्थल पर यह पाया गया कि जिस जगह दुर्घटना हुई वहां पर तीखा मोड है। लेकिन मार्ग चौडा है। लोडर की रफ्तार अचानक तेज हुई और वह सडक किनारे बने पीलर को तोड़कर खाई में गिरा। दुर्घटना की वजह लोडर की तेज रफ्तार होना भी पाया गया है। मार्ग पर भविष्य में क्या सुधार हो सकते हैं। दुर्घटनाओं को भविष्य में कैसे रोका जा सके। ओवर लोडिंग को रोकने के लिए किस तरह की कार्रवाई की जा सकती है इन सबको लेकर सुरक्षा समिति ने विचार किया। परिवहन उप आयुक्त सुधांश गर्ग ने बताया कि विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों और शासन को प्रेषित की जाएगी। उप समिति की टीम में अधिशासी अभियंता लोनिवि, पीएस बर्तवाल, एआरटीओ मुख्यालय हरि सिंह, पुलिस इंस्पेक्टर अविनाश चौधरी और एआरटीओ एसके निरंजन शामिल रहे।
