लखनऊ के होटल में बिना अनुमति हो रही थी होली की पार्टी, एसडीएम ने किया सील
लखनऊ
कोरोना संक्रमण कहीं आपके रंग में भंग न डाल दे इसके लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। बिना अनुमति के होली पार्टी व जुलूस जैसे आयोजन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। बावजूद इसके कुछ होटल नियमों की धज्जियां उड़ाकर प्रतिबंध को धता बताकर पार्टी कर रहे हैं। लखनऊ के गोमतीनगर स्थित सैवी ग्रैंड होटल में भी कुछ ऐसा ही होने की सूचना मिली तो पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी कि रविवार को एसडीएम प्रफुल्ल त्रिपाठी ने होटल को सील करके मनमानी पर शिकंजा कसने का कार्य किया। सीलिंग की कार्रवाई को लेकर होटल प्रशासन की ओर से दबाव बनाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी एक न चली। प्रशासन की सख्ती को देखकर होटल कर्मचारी भी सहमे नजर आए। प्रशासन ने अगले आदेशों तक होटल की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने और स्थानीय पुलिस को नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
