पार्किंग न होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित
विकासनगर।
विकासनगर मुख्य बाजार में कहीं भी पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से वाहन दिन भर एनएच के दोनों किनारों के साथ ही संपर्क मार्गों पर पार्क हो रहे हैं। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। हालांकि पुलिस ने नगर के मुख्य बाजार से गुजर रहे दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे के डिवाइडरों के कट को बंद कर कुछ व्यवस्था सुधारी है, लेकिन किसी भी बैंक के पास अपनी पार्किंग न होने की वजह से सबसे ज्यादा वाहन बैंकों के बाहर ही खड़े रहते हैं।
नगर पालिका क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या पार्किंग की है। बैंक शाखाओं से लेकर होटल, रेस्टोरेंट के बाहर वाहनों की कतार लगी रहती है। अस्पताल रोड, पहाड़ी गली चौक, गीता भवन, बाबूगढ़ चुंगी के साथ ही अट्ठाइस फिटा रोड आदि स्थानों पर बेतरतीब खड़े वाहन यातायात व्यवस्था बिगाड़ रहे हैं। नगर के मुख्य बाजार से होकर गुजर रहे दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे किनारे ही यहां बैंक शाखाएं हैं, पार्किंग की व्यवस्था न होने से राष्ट्रीय राजमार्ग ही पार्किंग में तब्दील हो जाता है। बैंक के बाहर जो वाहन खड़े रहते हैं वे सड़क के बीच तक पहुंच जाते हैं। ऐसे में सड़क पर जाम लग रहा है। पालिका के अधिशासी अधिकारी बीएल आर्य के अनुसार पार्किंग स्थल के लिए जगह चिह्नित की जा रही है। फिलहाल नागरिकों से मुख्य बाजार में बेवजह वाहन पार्क नहीं करने की अपील की गई है।
