महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर उक्रांद ने किया महंगाई रूपी रावण के पुतलों का दहन  

विकासनगर।

महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर उक्रांद सड़कों पर उतर आई है। उक्रांद कार्यकर्ताओं ने सेलाकुई, सहसपुर, विकासनगर और कालसी में प्रदर्शन किया। उक्रांद कार्यकर्ताओं ने विजय दशमी के पर्व पर प्रदेश सरकार के खिलाफ महंगाई रूपी रावण के पुतलों का दहन किया।
उक्रांद के केंद्रीय उपाध्यक्ष देवेंद्र कंडवाल के नेतृत्व में उक्रांद कार्यकर्ताओं ने सेलाकुई, सहसपुर, विकासनगर व कालसी में एकत्रित होकर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर सरकार के महंगाई रूपी रावण का पुतला दहन किया। उक्रांद के केंद्रीय उपाध्यक्ष देवेंद्र कंडवाल ने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश की सरकारों की जनविरोधी नीतियों के कारण आम जनता का जीना दूभर हो गया है। शिक्षित प्रशिक्षित बेरोजगार दर-दर भटक रहे हैं। कहा कि पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों के कारण आज महंगाई चरम पर है। खाद्य तेल, दालों के दाम आसमान छू रहे हैं। बेरोजगार गरीब जनता के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। कहा कि भाजपा की प्रदेश सरकार ने केवल मुख्यमंत्रियों को बदलने का काम किया है। पौने पांच साल के कार्यकाल में भाजपा सरकारें पूरी तरह विफल रही। अब मुख्यमंत्री बदलकर सरकार अपनी विफलताओं को छुपा रही है। कहा कि धीमी सरकार अब झूठी घोषणायें कर जनता को बरगलाने का काम कर रही है। कहा कि अवैध खनन पूरे प्रदेश में जोरों पर है। अवैध खनन पर रोक न लगी तो उक्रांद उग्र आंदोलन के लिए विवश होगा। जिलाध्यक्ष गणेश काला ने कहा कि प्रदेश सरकार ने महंगाई, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी को बढ़ावा दिया है। सरकारी पदों पर भर्ती के बजाय पदों की कटौती की जा रही है। कहा कि उज्ज्वला गैस कनेक्शन गरीबों को बांटने की बात सरकार करती है। लेकिन पिछले एक साल से किसी भी गरीब वर्ग ने सिलेंडर नहीं खरीदा। क्योंकि सिलेंडर का दाम एक हजार रुपये हो गया है। इस मौके पर विकासनगर अध्यक्ष जयकृष्ण सेमवाल, प्रवक्ता नरेंद्र कुकरेती, जितेंद्र पंवार, मनीष कुमार, हरीश कुनियाल, प्रकाश भट्ट, सुमित राणा, अतुल बेंजवाल, सीएस पंवार, दिनेश, गोपाल, अमजद आदि ने विचार व्यक्त किये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *