चलती ट्रक से सामान चोरी करने वाले दो गिरफ्तार
जशपुर/रायपुर।
कांसाबेल पुलिस ने चलती ट्रक की तिरपाल काटकर सामान चुराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बता दें कि पहले आरोपी को एक ट्रक चालक ने ही पकड़कर पुलिस को सौंपा, जिससे पूछताछ के बाद पुलिस ने मामले में एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी के सामान भी पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। जानकारी के मुताबिक 5 अक्टूबर को झारखंड के पलामू जिले का निवासी ट्रक चालक सगीर अंसारी चना, दाल और बेसन लोड कर पश्चिम बंगाल जा रहा था। उसी दौरान पोंगरों के पास उसकी नजर वाहन में चढ़कर तिरपाल को काटकर,चना और बेसन भरे हुए बोरे को नीचे फेंक रहे एक युवक पर पड़ी। उसने तत्काल ट्रक रोकी और पोंगरों में रहने वाले अपने परिचित को घटना की जानकारी देकर मदद मांगी। परिचित के सहयोग से सगीर ने चोरी हुए सामान की तलाश शुरू की। इस दौरान लमडांड़ में एक बाइक पर बोरा लोड किए हुए युवक पर पड़ी। युवक के हाथ में धारदार हथियार दौली था। ट्रक चालक को देखकर युवक ने भागने का प्रयास किया पर सगीर और उसके साथी ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सगीर अंसारी की शिकायत पर कांसाबेल पुलिस ने मामले में धारा 379 के तहत अपराध दर्ज करते हुए पकड़े गए आरोपित को पूछताछ के लिए अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में संदिग्ध युवक की शिनाख्त आलोक डनसेना के रूप में हुई। पूछताछ में उसने चलते हुए ट्रक से चोरी करने के में अपने साथ लुकेश पैकरा के शामिल होने की जानकारी भी दी।
