पंजाबी अभिनेत्री सोनिया ने कहा, वोट देते वक्त याद रखना किसने दिया धोखा
पानीपत
केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ कंडेला खाप के चबूतरे पर महिला किसान पंचायत हुई, जिसकी अध्यक्षता सर्वजातीय सर्वखाप महिला विंग की अध्यक्षा डा. संतोष दहिया ने की। महिलाओं ने मोदी सरकार के खिलाफ हुंकार भरते हुए कहा कि अब वे चूल्हा-चैका छोड़कर घर से बाहर निकली हैं तो काले कानूनों को वापस करा कर ही घर आएंगी।
वहीं, पंजाब की एक्ट्रेस सोनिया मान ने कहा कि लोगों को वोट देते वक्त इन बातों का ध्यान रखना चाहिए कि उनके लिए कौन खड़े हैं और कौन उन्हें धोखा देकर सत्ता पर बैठ गए हैं।
महापंचायत में मुख्य वक्ता के तौर पर पहुंची इनेलो नेत्री सुनैना चैटाला ने कहा कि पशु जब बार-बार खेत में आकर उजाड़ करता है तो किसान डंडों से उसका इलाज करता है। इसलिए अब महिलाओं को भी तेल लगाकर डंडे रखने चाहिए। जब भी भाजपा-जजपा के विधायक या नेता गांवों में आएं तो डंडों से उनका स्वागत करें। उन्हें इतना मजबूर कर दो कि ये गांव में ही न घुसने पाएं। ऐसा हाल होने पर जब ये नेता मोदी के सामने रोयेंगे, तभी कानून वापस लेंगे। सुनैना ने कहा कि भाजपा ने झूठ बोल कर उंगली पकड़ी और अब पोंचा पकड़ लिया है। अब इन्हें यहीं पर रोकना होगा। सुनैना ने कहा कि महिलाओं के हाथों की चूड़ियां घर के आंगन को खुशियों से भर देती हैं, लेकिन जब इन चूड़ियों के हाथों में तलवार आती है तो वो झांसी की रानी बन जाती है।
