उरी में पकड़ा गया घुसपैठ की कोशिश कर रहा पाकिस्तानी आतंकी, दूसरा ढेर

श्रीनगर।

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने आतंकी घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया है। उड़ी सेक्टर में सेना ने एक पाकिस्तानी आतंकी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। इसके साथ ही एक आतंकी को मार गिराया गया है। ये आतंकी घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश के बाद इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले रविवार को उड़ी सेक्टर के गोहलन इलाके में संदिग्ध हरकत देखने के बाद सतर्क जवानों ने पाया कि आतंकियों का एक ग्रुप घुसपैठ करने की कोशिश कर रहा है। इस पर उन्होंने ललकारा तो आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई से शुरू हुई मुठभेड़ में एक आतंकी मार गिराया गया।
कुछ दिन पहले भी हथलंगा जंगल क्षेत्र में तीन आतंकियों को मार गिराया गया था जो घुसपैठ कर दाखिल हुए थे। उनके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद भी बरामद हुआ था। वहीं 18 सितंबर को भी उड़ी सेक्टर में आतंकियों द्वारा घुसपैठ की एक कोशिश की गई थी जिसे सतर्क जवानों ने नाकाम बनाया था।
उड़ी सेक्टर में आतंकी घुसपैठ को लेकर सेना की 15वीं कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल डी पी पांडेय ने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। सेना इस तरह की साजिशों से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *