जनपद औरैया में इटावा शाखा प्रणाली व भोगनीपुर शाखा पर स्थित पुल-पुलियों व अन्य पक्के कार्यों के लिए 224.50 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत
लखनऊ|
सिंचाई व जल संसाधन विभाग ने सिंचाई विभाग की नहरों पर पक्की संरचनाओं की मरम्मत, पुनर्निर्माण व नवनिर्माण की दो परियोजनाओं की लागत 453.41 लाख रुपये वित्तीय स्वीकृति तथा परियोजनाओं के कार्यों के लिए 224.50 लाख रूपये प्रथम किश्त के रूप में अवमुक्त किये जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्वीकृत धनराशि सिंचाई खण्ड औरैया के अन्तर्गत जनपद औरैया में इटावा शाखा प्रणाली के तथा भोगनीपुर शाखा प्रणाली के पुल-पुलियों व अन्य पक्के कार्यों के नवनिर्माण व मरम्मत पर व्यय की जायेगी। इस संबंध में विशेष सचिव सिंचाई मुश्ताक अहमद की ओर से 20 सितम्बर, 2021 को आवश्यक शासनादेश जारी करते हुए निर्देशित किया गया है कि सक्षम स्तर से तकनीकी स्वीकृति प्राप्त करने के पश्चात ही कार्य शुरू कराया जाये। विभाग से नियमानुसार समस्त आवश्यक वैधानिक आपत्तियां व पर्यावरणीय क्लीयरेंस सक्षम स्तर से प्राप्त करके ही निर्माण कार्य कराया जाये।
इसके अलावा परियोजना का निर्माण कार्य समय से पूरा कराने के साथ ही धनराशि व्यय करते समय शासन से समय-समय पर जारी सुसंगत शासनादेशों का अनुपालन अनिवार्य रूप से किया जाये। धनराशि का व्यय स्वीकृत परियोजनाओं पर ही किया जाये ऐसा न किये जाने पर किसी प्रकार की अनियमितता के लिए विभाग की जिम्मेदारी होगी। स्वीकृत धनराशि का उपयोग स्वीकृत परियोजनाओं पर ही किया जाये। ऐसा न किये जाने पर किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर समस्त उत्तरदायित्व विभाग का होगा।
