महिला की हत्या कर शव नसीरपुर क्षेत्र में फेंका, सनसनी

शिकोहाबाद

नसीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उरावर रोड पर एक महिला की निर्मम हत्या कर शव सड़क किनारे फेंक दिया। सुबह खेतों पर जा रहे राहगीरों ने महिला के शव को खून से लथपथ देखा तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई।आसपास के ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर एसपी ग्रामीण सहित फोर्स मौके पर पहुंच गया। फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंच कर महिला की शिनाख्त के लिए नमूने जुटाए।
नसीरपुर क्षेत्र के गांव नगला गिरधारी की ठार के समीप बीहड़ में उरावर को जाने वाली सड़क किनारे एक महिला (32) का शव रक्तरंजित अवस्था में पड़ा मिला। सुबह जब ग्रामीण कार्य से खेतों पर जा रहे थे, तो सड़क पर खून से लथपथ पड़ी महिला को देख सनसनी फैल गई। महिला की हत्या की खबर क्षेत्र में जंगल की आग की तरह फैल गई। ग्रामीण महिला-पुरुषों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर एसपी ग्रामीण, सीओ जसराना और प्रभारी निरीक्षक नसीरपुर सीपी सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये। महिला की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद फील्ड यूनिट को बुलाया गया। डॉगस्क्वायड भी पहुंचा। महिला की शिनाख्त के लिए मौके पर मिले साक्ष्यों को एकत्रित किया। एसपी ग्रामीण डॉ. अखिलेश नरायण सिंह ने बताया कि महिला की हत्या कर शव फेंका गया है। महिला की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपियों की तलाश की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जायेगा। महिला नीले रंग की पजामी और नीले रंग का ही छींट का कुर्ता पहने हुए हैं। महिला एक बिछिया भी पहने है। कयास लगाया जा रहा है कि महिला को कहीं से लाकर यहां हत्या कर शव फेंक दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *