चोरी के शक में युवक को रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीटा, नग्न कर घुमाया

लखनऊ।

लखनऊ के नेहरू क्रास के पास रविवार को ट्रॉली रिक्शा चोरी करने के शक में कुछ लोगों ने एक युवक को पाण्डेयगंज से पकड़ा और रस्सी से बांध कर उसकी पिटाई की। फिर उसके कपड़े फाड़ डाले और नग्न कर इलाके में घुमाया। रविवार दोपहर इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो वजीरगंज पुलिस हरकत में आयी। पुलिस ने रविवार देर रात आरोपी चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। मार खाने वाले युवक व पिटाई में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।पुलिस के मुताबिक बहराइच निवासी राजेश वर्मा नेहरू क्रास पर रहता है। वह माल ढोने वाली ट्रॉली रिक्शा चलाता है। रविवार सुबह राजेश ने देखा कि ट्रॉली नदारद है। पड़ोसी दुकानदारों की मदद से उसने सीसी कैमरे खंगाले तो एक युवक रात में ट्रॉली ले जाते दिखा। फुटेज के आधार पर इस युवक की तलाश शुरू की गई। पाण्डेयगंज में राजेश व उसके साथियों ने एक युवक को जाते देखा। उसकी शक्ल फुटेज में दिखे युवक से मेल खाती लगी। इस पर उसे पकड़ लिया गया। उसने बताया कि थोड़ी दूरी पर रिक्शा खड़ा है। रिक्शा मिलने के बाद इन लोगों ने उसे रस्सी से बांध कर पीटना शुरू कर दिया। अफरातफरी के बीच ही युवक भाग निकला। हालांकि पुलिस का कहना है कि इन लोगों ने ही उसे पीटने के बाद भगा दिया। कुछ लोगों ने इस पिटाई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

चार आरोपी गिरफ्तार

वायरल वीडियो को देख पुलिस अफसरों ने सख्त कार्रवाई का आदेश दिया। इंस्पेक्टर वजीरगंज धनंजय पाण्डेय ने बताया कि युवक को पीटने के आरोप में राजेश वर्मा, लल्लन, नंदू वर्मा और वंशीलाल को मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *