आज और कल पूर्ण कार्य बहिष्कार पर रहेंगे आरटीओ कर्मी

देहरादून।

परिवहन मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों की हड़ताल जनता पर भारी पड़ रही है। मंगलवार को दो घंटे के कार्य बहिष्कार के चलते जनता परेशान रही। बुधवार और गुरुवार को कर्मचारी पूर्ण बहिष्कार पर रहेंगे। ऐसे में जनता की मुश्किलें और बढ़ सकती है। मंगलवार को परिवहन मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी सुबह दस से दोपहर 12 बजे तक कार्य बहिष्कार पर रहे। इस दौरान लर्निंग लाइसेंस, परमिट, फिटनेस और चालान शाखा में काम पूरी तरह ठप रहा। सबसे ज्यादा भीड़ डीएल शाखा में रही। यहां स्क्रूटनी काउंटर पर लंबी लाइन लग गई थी। लोगों को घंटों तक काम के लिए इंतजार करना पड़ा। सेलाकुई से आये पवन कुमार ने बताया कि उनको डीएल रिन्यूवल करवाना था। दस बजे आरटीओ दफ्तर पहुंच गए थे। आरटीओ के बाहर साइबर कैफे से ऑनलाइन आवेदन किया। 12 बजे हड़ताल खत्म हुई। इससे पहले सभी काउंटरों पर लंबी लाइन लग गई थी। उनको स्क्रूटनी और बायोमैट्रिक करवाने में दो घंटे लग गए। पवन कुमार की तरह अन्य लोग भी आरटीओ दफ्तर में दिनभर काम के लिए भटकते रहे।
कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन: पदोन्नति की मांग को लेकर आरटीओ के मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों ने दो घंटे के कार्य बहिष्कार के दौरान कार्यालय परिसर में धरना दिया। यहां सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष बृजमोहन रावत ने कहा कि बुधवार और गुरुवार पूर्ण कार्य बहिष्कार रहेगा। यदि इसके बाद भी उनकी पदोन्नति की मांग पूरी नहीं होती है तो आगे रणनीति तय की जाएगी। धरने पर प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा, कोषाध्यक्ष दौलत पांडे, संगठन मंत्री गढ़वाल विनोद चमोली, कृष्ण किशोर, मुकुल ममगाईं, अनूप नेगी, मुकुल कनौजिया, प्रमोद मिश्रा, सरीता बहुगुणा, प्रीति, देवेंद्र रावत, देवेंद्र मनवाल, बैठे रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *