झबरेड़ा में 12 घंटे बिजली कटौती से लोग परेशान
रुड़की। झबरेड़ा। कस्बे और आसपास के क्षेत्र में सोमवार रात में 12 घंटे बिजली गुल रही। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गर्मी में बिजली नहीं होने से लोग दिक्कत में रहे। झबरेड़ा के साथ ही भक्तोवाली, खड़खड़ी, सावतवाली, लोधीवाला, शीतलपुर, डेलना, झबरेडी आदि गांवों में लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। ग्रामीण यशवीर सिंह, अश्वनी, भोला सिंह, रोहित, गौरांश कुमार, ऋषभ शर्मा, शमशाद, नोमान, कंवरपाल, अशोक आदि का कहना है कि सोमवार रात नौ बजे बिजली आपूर्ति बंद हो गई। जो मंगलवार सुबह 9 बजे तक बंद रही। पूरी रात लोग बिजली आने का इंतजार करते रहे। जिन लोगों के यहां इनवर्टर आदि की व्यवस्था थी, आधी रात होते-होते वह भी जवाब दे गए।
