157 छात्रों ने दी सैट परीक्षा
लखनऊ
उत्तर प्रदेश के एकमात्र सैट परीक्षा सेन्टर सीएमएस गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) में सम्पन्न हुई। सैट परीक्षा (स्कॉलिस्टिक अससेमेन्ट टेस्ट) में उत्तर प्रदेश एवं अन्य पड़ोसी राज्यों के 157 छात्रों ने सैट परीक्षा दी। सीएमएस गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) के सैट परीक्षा सेन्टर बनने से प्रदेश व अन्य पड़ोसी राज्यों के छात्रों को बहुत सहूलियत हो गई है। जो लखनऊ में सैट परीक्षा देकर विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में उच्चशिक्षा प्राप्त कर सकते हैं। अन्यथा इससे पहले इस परीक्षा के लिए छात्रों को दिल्ली जाना पड़ता था। स्कूल की प्रेसीडेन्ट व एमडी प्रो. गीता गांधी ने बताया कि अमेरिका के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में उच्चशिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक छात्रों के लिए सैट परीक्षा एक जरूरी मानक है। हर साल विश्व भर के लगभग 22 लाख छात्र इस परीक्षा में बैठते हैं। हालांकि इस वर्ष कोविड महामारी के कारण लगभग 17 लाख छात्रों ने सैट परीक्षा दी। उन्होंने बताया कि सैट परीक्षा सेन्टर होने के साथ ही एडवान्स प्लेसमेन्ट (एपी) टेस्ट सेन्टर भी है।
