गुलदार की दस्तक से साहिया में दहशत
विकासनगर।
क्षेत्र के आसपास के गांवों में गुलदार की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि आवासीय बस्तियों में आमद की सूचना वन विभाग को कई बार दी गई लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। कहा कि जल्द गुलदार के आतंक से निजात नहीं मिलने पर वन विभाग कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। स्थानीय ग्रामीण संतराम राठौर, राजेंद्र सिंह, जाड़प सिंह, सीताराम, भगत राम ने बताया कि एक माह में गुलदार ने एक दर्जन से अधिक गांवों में 30 बकरियों, दो दुधारू गाय को निवाला बना दिया है। पालतू पशुओं की सुरक्षा के लिए ग्रामीणों को गोशाला के बाहर रात में पहरा देना पड़ रहा है। बताया कि पूरे क्षेत्र में तीन से चार गुलदार सक्रिय हैं, जो पालतू पशुओं को निवाला बना रहे हैं। सबसे अधिक दातनू गांव में खतरा बना हुआ है, जहां अब तक बीस बकरियों को गुलदार निवाला बना चुका है। झाड़वाला छानी में दो गाय और चार बकरियां गुलदार की भेंट चढ़ चुकी हैं। इसके साथ ही मलेथा गांव, पानुवा, ककाड़ी, अलसी, पंजिया, शेवना, कनबुआ, जोशी गांव, बवहार खेड़ा, भुगतार, कोटी गांवों में गुलदार पालतू पशुओं को निवाला बना चुका है। कहा कि वन विभाग की ओर से गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उधर, एसडीएम संगीता कन्नौजिया ने बताया कि वन विभाग को जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएंगे।
