रापूमावि ढलानी में हुआ एसएमसी का गठन
विकासनगर।
ब्लॉक के दूरस्थ राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय ढलानी में शनिवार को विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन किया गया। इसके साथ ही शिक्षकों अभिभावकों ने छात्र-छात्राओं और विद्यालय के विकास पर चर्चा की गई। नवगठित समिति में विनोद कुमार अध्यक्ष, अनारी देवी उपाध्यक्ष, पीतांबर सदस्य नियुक्त किए गए। विद्यालय विकास पर अभिभावकों से चर्चा करते हुए प्रधानाध्यापक अनंत सोलंकी ने कहा कि अभिभावकों के सहयोग से विद्यालय प्रखंड स्तर पर ही नहीं बल्कि जिला स्तर पर सर्वोच्च श्रेणी में शामिल हो सकता है। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालय किसी भी मामले में निजी विद्यालयों से कम नहीं हैं। छात्र के विकास में परिस्थितियां और मजबूरियां आड़े नहीं आती हैं। छात्रों की लगन, अभिभावक की जागरूकता और शिक्षक की मेहनत छात्र को ऊंचे मुकाम पर पहुंचा सकती है। शिक्षक अजय तिवारी ने कहा कि शिक्षा के बिना विकास की परिकल्पना करना बेमानी है। छात्रों को उचित शिक्षा मिले इसके लिए अभिभावकों का सहयोग जरूरी है। समिति के नव नियुक्त अध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि विद्यालय के विकास में हर संभव सहयोग दिया जाएगा। समाज की ओर विद्यालय में संसाधन जुटाने के भी प्रयास किए जाएंगे, जिससे शैक्षिक और शिक्षणेत्तर गतिविधियों के लिए विद्यालय में उचित माहौल मिल सके। अभिभावक राजेश, महेंद्र सिंह ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कोविड काल में शिक्षक ऑन लाइन माध्यम के साथ ही परिस्थिति अनुकूल होने पर ऑफ लाइन शिक्षा मुहैया करा रहे हैं, जिससे ग्रामीण परिवेश के छात्र शिक्षा की मुख्य धारा से जुड़े हुए हैं। संगोष्ठी के दौरान शिक्षकों और अभिभावकों ने मिलकर विद्यालय का विकास करने का संकल्प लिया। इस दौरान ग्राम प्रधान शशि बाला रौंछेला, अजय तिवारी, सुरेश, कमल सिंह, चंद्र पाल सिंह आदि मौजूद रहे।
