टैम्पो संचालकों ने प्रदर्शन कर की धर्मशाला चैक पर स्थायी टैम्पो स्टैंड बनाने की मांग
सोनभद्र।
भीषण बेरोजगारी का दंश झेल रहे जनपद के किसानों और कामगारों के घर युवाओं ने सरकार की रोजगारपरक योजनाओं के तहत बैंकों से कर्ज लेकर टेंपो निकाल सड़क पर परिवहन सेवा देकर लोगों को बैंक कर्ज चुकता करने के साथ-साथ अपना जीविकोपार्जन भी कर रहे हैं लेकिन जिला प्रशासन की नीतियों से लगातार इनका आर्थिक दोहन हो रहा है। शाहगंज-घोरावल संपर्क मार्ग पर चलने वाले टैंपो मालिकों ने पुलिसिया ज्यादती से ऊबकर आज पूर्वांचल नव निर्माण मंच के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप धर्मशाला चैराहा पर टेंपो स्टैंड बनाने की मांग की।
मंच के उपाध्यक्ष गिरीश पाण्डेय ने ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी को बताया कि रॉबर्ट्सगंज व्यापार मंडल की शिकायत पर पिछले कई दिनों से घोरावल-शाहगंज-रॉबर्ट्सगंज परिवहन करने वाले टैम्पो संचालकों को पुलिस द्वारा धर्मशाला चैराहा से डेढ़-दो किलोमीटर पहले कम्हारी गांव के सामने रोककर सवारियों को उतार दिया जा रहा है। जिससे यात्रियों को पैदल धर्मशाला तक जाना पड़ रहा है या दोहरा किराया देना पड़ रहा है। वहीं वापसी के समय टैम्पो में सवारियों का अकाल पड़ जा रहा है, जिससे टैम्पो संचालकों को आर्थिक तंगी भी झेलनी पड़ रही है।
वहीं आनंद मिश्रा ने कहा कि व्यापारियों द्वारा नगर की पटरियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण से अधिक जाम लगता है न कि टेम्पो के आने-जाने से। उन्होंने माँग करते हुए कहा कि यात्रियों की सुगम यात्रा के लिए ओवरब्रिज के नीचे खाली जमीन को आरसीसी कराते हुए घोरावल व शाहगंज के यात्रियों के लिए स्थायी टेंपो स्टैंड बनाने की मांग की। ऑटो मालिकों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि यदि स्टैंड का स्थायी समाधान नहीं कराया गया तो मरता क्या न करता के हाल से गुजर रहे टैंपो मालिक पूर्वांचल नव निर्माण मंच के नेतृत्व में जिला प्रशासन के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेंगे। जिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस दौरान अंशु पाण्डेय, सबलु, छोटू, शकील हुसैन, इरफान, मोनू, संजय, अयातन, विनोद, साबिर, अनिल पटेल मौजूद रहे!
