निदेशक ने बढ़ाया विवि का मान
लखनऊ।
प्रोफेसर राजेन्द्र सिंह रज्जू भैया भौतिकीय विज्ञान अध्ययन एवं शोध संस्थान के निदेशक डॉ. देवराज ने वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में चल रही विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी का जायजा लेते हुए कई अहम बिंदुओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चार विभाग भौतिक रसायन, गणित, भू एवं ग्रहीय तथा दो अनुसंधान केन्द्र नैनो टेक्नालोजी और गैर परम्परागत ऊर्जा में कुल 22 सहायक आचार्यों द्वारा 289 छात्रों को शिक्षण कार्य विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के मानकों के अनुसार कुलपति निर्मला एस. के कुशल निर्देशन में कराया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि यदि किसी छात्र को पठन-पाठन में कोई भी असुविधा आ रही हो तो वह किसी भी कार्यदिवस में स्वयं उनसे मिलकर समाधान प्राप्त कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि प्रवेश लेने वाले संख्या में आशातीत वृद्धि हुई और संस्थान निरन्तर प्रगति की ओर अग्रसर है। डेढ़ साल के अपने सीमित कार्यकाल में डॉ. देवराज ने न केवल स्वयं के संस्थान की महत्ता बढ़ायी बल्कि विश्वविद्यालय में होने वाले शिक्षा जगत के विभिन्न कार्यक्रमों मे अपने शिक्षा क्षेत्र के अनुभव योग्यता और प्रशासनिक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते आ रहे हैं।
