बनने के दो दिन बाद ही नाला टूटने पर हंगामा

रुडक़ी।

खानपुर के सिकंदरपुर गांव में लोनिवि के ठेकेदार द्वारा बनवाया जा रहा नाला बनने के दो दिन बाद भी ध्वस्त हो गया। गांव के लोगों ने नाले के साथ ही टाइल्स से बन रही सडक़ में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उन्होंने एसडीएम से शिकायत कर निर्माण की जांच कराने की मांग भी की है।
लोक निर्माण विभाग सिकंदरपुर में इंटरलॉकिंग टाइल्स की सडक़ और इसके पास जलनिकासी नाला बनाया जा रहा है। आरोप है कि लोनिवि के ठेकेदार द्वारा दो दिन पहले बनवाए गए नाले की एक दीवार गत दिवस भरभराकर ध्वस्त हो गई। इसका पता चलने पर गांव के काफी लोग वहां पहुंचकर हंगामा करने लगे। उनका कहना था कि सडक़ व नाले का निर्माण जिला पंचायत के बजट से हो रहा है। ठेकेदार द्वारा टाइल्स कम मोटाई की व घटिया लगाई जा रही हैं। नाले के निर्माण में भी मानकों की अनदेखी की जा रही है। नाले में निम्न गुणवत्ता की ईंट प्रयोग की जा रही हैं, साथ ही सीमेंट व रेत भी 1:4 के बजाय 1: 8 का लगाया जा रहा है। इसी कारण नाले की दीवार गिरी है। सडक़ की टाइल्स भी टूटकर उखड़ रही हैं। कहा लोनिवि के अधिकारी भी शिकायत पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। बाद में ग्रामीणों ने लक्सर पहुंचकर एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी से मामले की शिकायत की और निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *