नियुक्ति की मांग को लेकर डीएलएड प्रशिक्षित निदेशायल पहुंचे
नई टिहरी
डीएलएड प्रशिक्षित बेरोजगारों ने सरकार से जल्द से जल्द नियुक्ति की मांग की है। टिहरी से डीएलएड प्रशिक्षित निदेशालय में नियुक्ति की मांग को लेकर धरना देने भी पहुंचे गये हैं। टिहरी डायट से प्रशिक्षित बेरोजगार पंकज डंगवाल का कहना है कि उन्होंने सरकार द्वारा प्रायोजित डायट डीएलएड (पूर्व बीटीसी) प्रवेश परीक्षा वर्ष 2017 में उत्तीर्ण की और उसके पश्चात 2019 तक प्रशिक्षण प्राप्त किया। जिसके लिए उन्होंने राजकीय कोष में 70 हजार रुपए प्रशिक्षण शुल्क जमा किया। अब उन्हें प्रशिक्षण किए दो साल होने वाले हैं, जबकि अभी तक उनको नियुक्ति नहीं मिल पाई है। जबकि इससे पूर्व बैच को प्रशिक्षण के 6 माह के बाद ही नियुक्ति मिल चुकी थी। उन्होंने इस पर सरकार से न्याय की गुहार लगाई है। दूसरी तरफ एक अन्य प्रशिक्षित बेरोजगार देशराज चौहान का कहना है कि डायट डीएलएड बेरोजगार अपनी नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री से कई बार मिल चुके हैं। लेकिन हमें आश्वासन के अलावा कुछ हाथ नहीं लगा। इसी क्रम में प्रशिक्षित त्रिदीप रावत ने बताया की प्राथमिक शिक्षक भर्ती एनआईओएस डीएलएड के केस के कारण कोर्ट में चली गई है। जिस पर विभाग व सरकार ने अभी तक कोई काउंटर व अन्य कागजी कार्यवाही कोर्ट में जमा नहीं करवाई गई है। जिससे अभी तक भर्ती कोर्ट में ही लटकी है। अगर जल्दी ही सरकार ने कोर्ट केस को लेकर उचित पैरवी नहीं की, तो डायट डीएलएड संघ नियुक्ति के उग्र आंदोलनों को चलाने को मजबूर होगा। डीएलएड प्रशिक्षित दीपक रावत, कैलाश, सुरेश रतूड़ी आदि ने भी नियुक्ति न मिलने पर रोष जाहिर किया है।
