नई दिल्ली से देहरादून आ रही शताब्दी एक्सप्रेस के एक कोच में लगी आग

ऋषिकेश

हरिद्वार-देहरादून रेलवे ट्रैक पर कांसरो वन रेंज के जंगल में नई दिल्ली से देहरादून आ रही शताब्दी एक्सप्रेस की एक कोच में अचानक आग लग गई। ट्रेन में आग लगने से हड़कंप मच गया। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को जंगल में ही रोक दिया। तत्काल कोच को खाली कराया गया। इसके साथ ही इस कोच को रेलगाड़ी से अलग कर अन्य डिब्बों को सुरक्षित बचा लिया गया है। इस ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।

घटना शनिवार दोपहर करीब 12ः30 बजे की बताई जा रही है। शताब्दी एक्सप्रेस जब राजाजी टाइगर रिजर्व की कंसरो रेंज से होकर गुजर रही थी तभी रेलगाड़ी के (सी 5) कोच में अचानक आग लग गई। कोच में मौजूद यात्रियों ने इमरजेंसी चेन खींचकर लोको पायलट को सूचना दी। लोको पायलट में तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रेलगाड़ी को कंसरो रेंज के नजदीक ही रोक दिया।

रेलगाड़ी के रुकते ही कोच में मौजूद 35 यात्री सामान सहित बाहर निकल आए। ट्रेन में मौजूद स्टाफ ने तुरंत ट्रेन के बीच में जुड़े इस (सी 5) कोच को काटकर शेष डिब्बों से अलग किया। उस कोच के यात्रियों को आगे की कोच में शिफ्ट कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *