बंद पड़ी बायोमेट्रिक मशीन को शीघ्र करें चालू
रुद्रप्रयाग। स्वास्थ्य विभाग की अनेक व्यवस्थाओं को देखने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें पांच कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। जबकि मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कक्ष में पत्रावलियां अव्यवस्थित ढंग से मिली। इस पर उन्होंने मुख्य प्रशासनिक अधिकारी का स्पष्टीकरण तलब किया है। जिलाधिकारी ने शनिवार दोपहर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के मुख्य फार्मासिस्ट कक्ष, मुख्य प्रशासनिक कक्ष, केन्द्रीय औषधि भण्डार, दिव्यांग अनुभाग, पत्र प्रेषण सहित विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी द्वारा अवकाश पर गए कर्मचारियों के आवेदन पत्र मांगे जाने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अवकाश से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। जिस पर जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उपस्थिति पंजिका की दैनिक तौर पर निरीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने कार्यालय में बंद पड़ी बायोमेट्रिक मशीन को प्राथमिकता के आधार पर चालू करवाने के निर्देश भी अफसरों को दिए। कर्मचारियों को आवंटित कार्यों में असमानता को देखते हुए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कर्मचारियों को समान रूप से कार्यों का दायित्व सौंपते हुए दायित्व निर्वहन पर निगरानी रखी जाए। निरीक्षण के दौरान आशा सुपरवाइजर द्वारा जिलाधिकारी को बताया गया कि वर्तमान में 9 आशा कार्यकर्ता सक्रिय रूप से कार्य नहीं कर रही है। इस मामले पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को संबंधित आशाओं को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने कार्यालय में लगी पुरानी प्रचार-प्रसार सामग्री हटाने, साफ सफाई के साथ ही यहां रखी जीवन रक्षक दवाओं को व्यवस्थित कर समय पर स्वास्थ्य केन्द्रों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
