जिला टीबी फोरम व एचआईवी समिति की बैठक आयोजित
नई टिहरी।
जिला टीबी फोरम व एचआईवी समिति की बैठक में डीएम इवा श्रीवास्तव ने टीबी रोगियों के निशुल्क उपचार की योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मिशन मोड पर सर्विलांस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिये। क्षय रोगियों का सटीक डाटाबेस बनाने के निर्देश भी दिये। बैठक में डीएम इवा ने कहा कि क्षय रोगियों की उपचार की योजना के लिए डीपीआरओ से समन्वय स्थापित करते हुये स्वास्थ्य विभाग ग्राम सभाओं की खुली बैठक में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाय। बैठक में डा मनोज वर्मा ने बताया कि भारत सरकार का टीबी फोरम बनाये जाने का उद्देश्य 2025 तक देश को टीबी मुक्त करना है। उन्होंने बताया कि जनपद में 2020 में 387 रोगियों का होना पाया गया है। जिसमें 47 रोगी एमडीआर के हैं, जिनका 2 वर्ष तक निरंतर उपचार चलना है। जबकि 5 रोगी ऐसे हैं, जो कि क्षय रोग के साथ-साथ एचआईवी पाजिटिव भी हैं। बैठक में टीबी चैंपियंस जेपी भट्ट, सुंदर लाल उनियाल व शक्ति प्रसाद बडोनी भी उपस्थित रहे। यह लोग सरकारी सिस्टम से उपचार लेकर पूर्ण रूप से स्वस्थ्य हो चुके हैं। बैठक में सीडीओ नमामि बंसल, डीडीओ सुनील कुमार, सीएमओ डॉ संजय जैन, डीएसटीओ निर्मल कुमार शाह, राड्स संस्था के अध्यक्ष सुशील बहुगुणा, राजपाल मियां आदि मौजूद रहे।
