असम-मिजोरम सीमा विवाद : संवेदनशील इलाकों में सीआरपीएफ की 4 टीमें तैनात

नई दिल्ली ।

असम और मिजोरम के बीच सीमा को लेकर हुई हिंसा झड़प पर गृह मंत्रालय बारीकी से नजर बनाए हुए है। गृह मंत्रालय ने हालात को सुलझाने को लेकर विशेष टीम गठित की है। हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं। वहीं दोनों राज्यों के शीर्ष अधिकारी हालात की गंभीरता के मद्देनजर लगातार संपर्क में हैं। खुफिया विभाग के कई अधिकारियों ने भी सीमा पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। सीआरपीएफ की 4 टीमों को संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है, जबकि 6 टीमों को तैयार रहने के लिए कहा गया है। असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा ने इस हिंसा में जान गंवाने वाले 5 पुलिसकर्मियों को सिलचर जाकर श्रद्धांजलि दी तथा घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात भी की। असम के कछार जिले में सोमवार को भड़की हिंसा के बाद असम पुलिस के कम से कम 5 जवानों की मौत हो गई है। इन घटनाओं में कई लोग घायल भी हुए हैं। राज्य के मुख्यमंत्री शर्मा ने जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ट्वीट किया कि मुझे यह जानकारी देते हुए बहुत ही दुख हो रहा है कि असम पुलिस के 6 बहादुर जवानों ने असम-मिजोरम सीमा पर हमारे राज्य की संवैधानिक सीमा की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की कुर्बानी दे दी है। शोकाकुल परिवारों के साथ सांत्वनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में मृत पुलिसकर्मियों की संख्या छह बताई थी, हालांकि बाद में पांच पुलिसकर्मियों की मौत की पुष्टि की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *