लंबित मांगों पर रोडवेज कर्मियों का प्रदर्शन
ऋषिकेश।
रोडवेज कर्मचारियों की देहरादून रोड स्थित कार्यशाला में डीजल पंप शुरू करने, कुंभ मेला भत्ता आदि लंबित मांगों पर एआरएम के साथ वार्ता विफल रही। आक्रोशित रोडवेज कर्मियों ने विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही मंगलवार से कार्यबहिष्कार की चेतावनी दी है। सोमवार को रोडवेज कर्मियों की समस्याओं के निदान को लेकर रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद शाखा से जुड़े कर्मचारियों ने ऋषिकेश रोडवेज डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक से वार्ता की। कार्यशाला में स्थापित डीजल पंप को शुरू करने, कुंभ मेला भत्ता, ई-टिकटिंग मशीन उपलब्ध कराने आदि मुद्दों पर करीब एक घंटे चली वार्ता बेनतीजा रहने पर रोडवेज कर्मी भडक़ गए। कर्मचारी परिषद शाखा अध्यक्ष जगदीश कुमार के नेतृत्व में देहरादून रोड स्थित रोडवेज कार्यशाला में प्रदर्शन किया। आक्रोशित कर्मियों ने मांगों पर निगम प्रबंधन पर हठधर्मिता का आरोप लगाया। कहा कि निगम प्रबंधन कर्मियों के हितों की अनदेखी कर रहा है। लंबे समय से संघर्ष के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा। आक्रोशित कर्मियों ने मंगलवार से आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। प्रदर्शन में ओमपाल मलिक, सतीश तिवाड़ी, दौलत सिंह, भुवन सेमवाल, जय सिंह, कलम सिंह, नवीन तिवारी, रवि कुमार, मुकेश बिष्ट, धनप्रकाश, आकाश गुप्ता, विजेंद्र सिंह, जगमोहन, राजेंद्र कुकरेती आदि शामिल रहे।
