चरस तस्करी के तीनों आरोपियों को जेल भेजा

अल्मोड़ा।

तहसील की सीमा भुजान बॉर्डर में चरस तस्करी में पकड़े गए तीनों आरोपियों को गुरुवार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। बीते बुधवार को बारिश में रानीखेत-खैरना स्टेट हाईवे पर कनवाड़ी की पहाड़ी से मलबा के कारण अल्मोड़ा-नैनीताल जनपद की सीमा पर स्थित भुजान में पुलिस अलर्ट थी। वहीं, किसी मामले की जांच के सिलसिले में प्रभारी नीरज भाकुनी के नेतृत्व में एसओजी की टीम भी भुजान पहुंची थी। भुजान के करीब ही हाइवे में एसआई बृजमोहन भट्ट यातायात व्यवस्था की कमान संभाले हुए थे। इसी दौरान एक एल्टो कार यूके 01 ए -1580 रानीखेत की तरफ आ रही थी। हाईवे में पुलिस को तैनात देख कार सवार तीन युवक भागने लगे। पुलिस तीनों को पकडक़र पूछताछ के लिए भुजान बॉर्डर पर बनी अस्थाई चौकी ले आई। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें चरस से भरा एक बैग मिला। पुलिस ने तस्करी के आरोप में कैलाश चंद्र निवासी सौनी, सुनील कुमार निवासी पंतकोटली और पुष्कर सिंह निवासी देवलीखेत (सभी रानीखेत तहसील) को राजस्व पुलिस के हवाले कर दिया। तीनों के खिलाफ राजस्व चौकी भुजान में मामला दर्ज किया गया। आरोपी चरस लेकर हल्द्वानी की तरफ जा रहे थे। पकड़ी गई चरस की कीमत तीन लाख से ऊपर आंकी गई है। राजस्व पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। गुरुवार को तीनों आरोपियों को रानीखेत न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *