सरकार पर लगाया सौतेला व्यवहार का आरोप

विकासनगर। जुड्डो बांध निर्माण स्थल पर धरना दे रहे लोहारी के ग्रामीणों ने मंगलवार को जल विद्युत निगम और प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने राज्य सरकार पर सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कुछ क्षेत्रीय जन प्रतिनिधि जानबूझ कर उनकी मांग सरकार तक नहीं पहुंचा रहे हैं। वोट बैंक की राजनीति के चलते जन प्रतिनिधियों के दबाव में आकर सरकार ने अपना फैसला बदला है। बांध निर्माण कार्य करीब नब्बे फीसद पूरा हो चुका है। ऐसे में गांव के जल्द ही जलमग्न होने का खतरा पैदा हो गया है। गांव के झील में समाने से पूर्व विस्थापन जरूरी है। कहा कि वोट बैंक की राजनीति का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। कहा कि पिछले 39 दिन से सभी ग्रामीण परिवार विस्थापन की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार का कोई भी कारिंदा उनकी सुध नहीं ले रहा है। ग्रामीणों ने चेताया कि विस्थापन के संबंध में जल्द कोई कार्यवाही नहीं होने पर आंदोलन को उग्र कर दिया जाएगा। कहा कि पूर्व में चयनित जगह पर ही विस्थापन होने के बाद ग्रामीण अपना आंदोलन समाप्त करेंगे। धरना प्रदर्शन में नरेश चौहान, भरत सिंह तोमर, सुखपाल, केदार सिंह, संजय चौहान, शूरवीर, सोहनलाल तोमर, गुड्डी, अनीता तोमर, डिंपल चौहान, आशा, प्रमिला आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *