रायवाला में रेलवे ट्रैक से 52 अतिक्रमण ध्वस्त किए
ऋ षिकेश।
प्रतीतनगर ग्राम पंचायत में रेलवे ट्रैक के किनारे बने कच्चे मकानों पर रेलवे ने कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाया। रेलवे ने दो सप्ताह पहले सभी लोगों को नोटिस देकर 20 जुलाई तक अतिक्रमण हटाने को कहा था। गुरुवार को राधास्वामी सत्संग भवन से रेलवे ने अतिक्रमण हटाने के अभियान की शुरुआत की। विभाग ने सुसवा नदी के किनारे तक बने कच्चे मकानों को ध्वस्त कर दिया। ऋषिकेश रेलवे लेन को डबल करने के लिए विभाग ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। कार्रवाई शुरू होने के बाद लोगों ने खुद ही सामान समेटना शुरू कर दिया। हल्की बारिश के बावजूद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रही। लोग बारिश में अपने सामान को ढककर कार्रवाई को देखते रहे। रेलवे की उक्त भूमि पर कई लोगों ने व्यावसायिक गतिविधियां भी शुरू की हुई थी। विरोध की आशंका को देखते हुए मौके पर स्थानीय पुलिस के साथ ही रेलवे पुलिस फोर्स के जवान भी मौजूद रहे। रेलवे के एसएसई पंकज शर्मा ने बताया कि पहले दिन कुल 52 अतिक्रमण ध्वस्त किए गए। रेलवे भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
