फोन हैकिंग मामले में कांग्रेस का पीएम और गृहमंत्री के खिलाफ प्रदर्शन
ऋषिकेश।
पेगासन फोन हैकिंग मामले में कांग्रेस ने गुरुवार को प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई। चेताया कि सरकार ने मामले में कार्रवाई न की तो आंदोलन किया जायेगा। गुरुवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ता त्रिवेणीघाट पहुंचे और प्रदर्शन कर नारेबाजी की। युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव अजय धीमान ने कहा कि जिस प्रकार सरकार विपक्ष के नेताओं के फोन टैपिंग और साफ्टवेयर के जरिये जासूसी करवा रही है, वह स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा के खिलाफ है। नगर अध्यक्ष अमरजीत धीमान ने कहा कि विदेशी कंपनी पेगासस साफ्टवेयर की मदद से केंद्र सरकार ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी व अन्य नेताओं की जासूसी कराई है, यह केंद्र सरकार की नीयत और मंशा पर सवाल खड़े करता है। एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र में चौथा स्तंभ कहे जाने वाले मीडिया तक की जासूसी सरकार करा रही है। सरकार के इस कदम का युवा कांग्रेस विरोध करती है। प्रदर्शन में श्याम शर्मा, अभिषेक पारस, शिवा सिंह, जितेंद्र पाल पाठी, गौतम नौटियाल, दीपक वर्मा, विशाल स्नेह, शुभम सारस्वत, हिमांशु, भावेश, रविंद्र, बुरहान, सन्नी प्रजापति आदि शामिल रहे।
