दून के 2.33 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य
देहरादून
राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस पर आज तीन मार्च को जन्म से लेकर 5 वर्ष तक के जिले के 2.33 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। 4 से 9 मार्च तक आशा और स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. वंदना सेमवाल ने बताया कि इसके लिए जिले में 1403 स्थिर बूथ, 70 ट्रांजिट बूथ तथा 26 मोबाइल बूथ सहित कुल 1501 पोलियो बूथ स्थापित किए हैं।
कुल 1492 टीमों के साथ ही 339 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गयी है। सीएमओ डॉ.संजय जैन ने सभी अभिभावकों से अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने की अपील की है।
