केंद्रों पर ताला लटका कर ब्लॉक मुख्यालय पर किया प्रदर्शन
विकासनगर
मानदेय बढ़ाए जाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को केंद्रों पर ताले लगाकर ब्लॉक मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया। बीते पांच दिनों से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कार्य बहिष्कार पर हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री उनसे वार्ता करने के लिए भी तैयार नहीं हैं। इससे वह खुद को उपेक्षित महसूस कर रही हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगठन की ब्लॉक अध्यक्ष संयोगिता ने कहा कि लंबे समय से उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं होने से कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं में आक्रोश है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से स्वास्थ्य विभाग समेत कई अन्य विभागों की योजनाओं में भी काम लिया जाता है। बावजूद इसके उनका मानदेय नहीं बढ़ाया जा रहा है। कहा कि सरकार उनकी मांगों को लेकर उपेक्षापूर्ण रवैया अपना रही है। सौतेला व्यवहार करते हुए उनकी मांगों को पूरा करने में टाल मटोल किया जा रहा है। जबकि मांगों के समर्थन में उन्होंने पहले भी धरना प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के बाद से उन्होंने ऑनलाइन पोषण ट्रेकर पोर्टल पर भी काम करना बंद कर दिया है। फिर भी सरकार मांगों को अनदेखा कर रही है। उन्होंने कहा कि धरातल पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को बहुत काम करना पड़ता है, लेकिन सरकार उनकी मांगों को लेकर गंभीर नहीं है। उन्हें बहुत ही कम मानदेय दिया जा रहा है। बताया उनका मानदेय दिहाड़ी मजदूर से भी कम है। सरकार की ओर से चलाई जा रही अनेकों योजनाओं से भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को वंचित रखा गया है। गोल्डन कार्ड जैसी सुविधा उन्हें नहीं मिल पा रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पारिवारिक आर्थिक सुरक्षा नहीं दी जा रही है। अनहोनी होने पर उनके परिवार को कोई भी आर्थिक सहायता नहीं मिलती है। धरना प्रदर्शन करने वालों में बीना, संध्या, सुनीता, सुमन लता, पिंकी, उमेश आदि शामिल रहे।
