खारघर में अश्वमेध महायज्ञ की तैयारियां जोरों पर
हरिद्वार
देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या के नेतृत्व में 21 से 25 फरवरी को खारघर में होने वाले अश्वमेध महायज्ञ की तैयारियां जोरों पर है। अब तक देवात्मा हिमालय का मॉडल, यज्ञशाला में हवन कुंड कुण्ड का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इसके लिए देश-विदेश से आये पन्द्रह हजार से अधिक स्वयंसेवी कार्यकर्त्ता जुटे हैं। महायज्ञ में दिल्ली, महाराष्ट्र सहित पूरे देश से अनेक स्वनाम धन्य पधार रहे हैं। देवसंस्कृति विवि के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने बताया कि अश्वमेध महायज्ञ के लिए 1008 हवन कुंड लगभग तैयार हो गए हैं। इन्हें बनाने से लेकर पूजन सामग्री तैयार करने के लिए उच्च प्रशिक्षित टीम के नेतृत्व में पांच सौ से अधिक भाई-बहन सेवा कार्य में जुटे हैं। युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य, माता भगवती देवी के आदर्श सूत्रों नारी जागरण, कुरीति उन्मूलन, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि विषयों पर उत्कृष्ट विचारों वाले पोस्टर के साथ प्रदर्शनी भी लगभग तैयार है। कर्मनिष्ठ समाजसेवी, व्यवसायी, आईटी प्रोफेसनल्स, चिकित्सक से लेकर प्रशासनिक अधिकारी भी अपना हरसंभव सहयोग कर रहे हैं। अखिल विश्व गायत्री परिवार के डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने मुंबई अश्वमेध महायज्ञ सम्बन्धी तैयारियों का निरीक्षण किया और विभिन्न कार्यकारी समितियों के कार्यकर्ताओं तथा स्वयंसेवकों से कार्य प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कार्यप्रगति पर संतोष व्यक्त कर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्द्धन भी किया।
