अब एक क्लिक पर होमगार्ड जवान आपके पास पहुंच जाएगा
नई टिहरी(आरएनएस)। लंबगांव होमगार्ड विभाग के जवानों ने द्रुत मोबाइल ऐप का प्रचार प्रसार को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। होमगार्ड के अधिकारियों व जवानों ने प्रदेश सरकार की ओर से आपातकाल के समय राहत के लिए लांच किए गए द्रुत ऐप को लेकर लोगों को जानकारी दी। मंगलवार को प्रतापनगर होमगार्ड प्लाटून कमांडर किशन लाल देशवान व प्लाटून सार्जेंट सचिन थपलियाल ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से आम जनमानस के लिए द्रुत ऐप लांच किया गया है। जिससे आम जनमानस किसी भी आपातकालीन स्थिति जैसे दुर्घटना, लड़ाई, झगड़ा, चोरी आदि में तत्काल राहत के लिए ऐप उपयोग कर सकते हैं। बताया कि ऐप को उपयोग करने के लिए अपने मोबाइल पर नेट से डाउनलोड करना है। जिसके बाद ऐप को खोलते ही आप को मोबाइल के डिसप्ले पर द्रुत लिखा दिखेगा, जिसे आपातकालीन स्थति में दबाना है, उसके दबते ही मैसेज नजदीकी होमगार्ड को जाएगा जिससे वह होमगार्ड एक मिनट के भीतर ही आपके पास पहुंच जाएगा। होमगार्ड सचिन ने बताया कि ऐप को लेकर विद्या मंदिर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के साथ-साथ लंबगांव बाजार में भी लोगों को जागरूक किया गया। इसके साथ ही लोगों के फोन पर द्रुत ऐप डाउनलोड भी करवाया।
