धूमधाम से मनाया गया पूर्व सैनिक पर्वतीय जन कल्याण समिति पछुवादून का पांचवा स्थापना दिवस  –

विकासनगर। पूर्व सैनिक पर्वतीय जन कल्याण समिति पछुवादून का पांचवा स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर पूर्व शहीद सैनिकों को श्रद्धासुमन अर्पित किया। पूर्व सैनिकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को भारतीय सेना में शामिल के लिए प्रेरित किया। बहादरपुर में बुधवार सुबह आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ देश की रक्षा में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि से किया गया। मुख्य अतिथि विधायक सहदेव पुंडीर ने कहा कि सैनिकों की बदौलत की देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों और उनके परिवार के सम्मान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने पूर्व सैनिकों की समस्याओं के निस्तारण का भी आश्वासन दिया। समिति के अध्यक्ष निरंजन चौहान ने कहा भारत सरकार द्वारा हमें जो सुविधाएं मिलती हैं वह बिल्कुल कम हैं। कार्यक्रम में छोटे बच्चों ने गढ़वाली, गोरखाली, कुमांऊनी लोकगीतों के साथ ही देशभक्ति से लबरेज प्रस्तुतियों से पंडाल में मौजूद लोगों में जोश भर दिया। इस दौरान कर्नल मोहन सिंह वाल्दिया, खड़क सिंह, सूर्य बहादुर राणा, विजयपाल सिंह रावत, धनंजय बिष्ट, अनिल नौटियाल, यशपाल नेगी, भगत सिंह राठौर, चित्रा देवी, राजेश भंडारी आदि मौजूद रहे।
1971 की विजय पर आधारित नाटक ने भरा जोश:     स्थापना दिवस समारोह के दौरान 1971 के भारत-पाक युद्ध की महत्वपूर्ण घटनाओं पर आधारित नाटक ने पूर्व सैनिकों के साथ ही युवाओं को जोश से भर दिया। नाटक के अंत में पाकिस्तान के सैनिकों के आत्मसमर्पण के दृश्य के दौरान पूरा पंडाल भारत माता की जय के जयघोष से गूंज उठा।
वीर नारियों की आंखें हुईं नम:    समारोह के दौरान कारगिल युद्ध की घटनाओं पर आधारित नाटक का मंचन भी किया गया। नाटक में कै. विक्रम बत्रा की शहादत के दृश्य पर वीर नारियों समेत हर किसी की आंखे नम हो गई। सभी ने नम आंखों से शहीद कै. विक्रम बत्रा की शहादत को नमन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *