बाजपुर की धान मिलों में गड़बड़ी देख भड़कीं खाद्य मंत्री रेखा आर्या


काशीपुर

 शुक्रवार को बाजपुर पहुंचीं खाद्य मंत्री रेखा आर्या ने कई धान मिलों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने धनलक्ष्मी फूड्स, धनलक्ष्मी सीड्स, उत्तरांचल फूड्स, महावीर धान मिलों के निरीक्षण में कई खामियां पाईं। इस पर वह भड़क उठीं। उन्होंने कहा कि धान मिलों में नियमों को ताक पर रखकर काम किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विभागीय सचिव को ऐसी मिलों और अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के आदेश दिए हैं। शुक्रवार को खाद्य मंत्री रेखा आर्या ने खासकर धनलक्ष्मी सीड्स और महावीर धान मिल में खामियों को देखा। कहा कि धनलक्ष्मी फूड्स का जहां से प्लांट संचालित हो रहा है, वह सही प्रकार से चल रहा है। लेकिन इन्हीं की एक अन्य फर्म जोकि धनलक्ष्मी सीड्स है, यहां के निरीक्षण में कई खामियां मिली हैं। वहीं एएसएम मिल के निरीक्षण में प्लांट बंद मिला। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि यह प्लांट संचालन की अवस्था में नहीं है। प्रथम दृष्ट्या ऐसा प्रतीत हो रहा है कि यह प्लांट सिर्फ एक डमी के रूप में लगाया गया है, जिसका उद्देश्य सिर्फ धान का क्रय करना है। उन्होंने बताया कि महावीर राइस मिल के भी निरीक्षण में यही कमियां देखने को मिली हैं। इन धान मिलों में सौर टैक्स मशीन, ड्रायर प्लांट, ब्लेन्डिंग मशीन का न होना पाया गया। इसके अलावा भी कई अन्य खामियां मिली हैं। मंत्री ने कहा कि सचिव को यह स्पष्ट दिशा निर्देश दिए गए हैं कि ऐसी सभी मिलों के जोकि नियमों के विपरीत काम कर रही हैं, उनके इम्पेलमेंट को समाप्त किया जाए। जो मिल नियमों का पालन कर रही हैं, उन्हें नियमों का पालन न करने वाली मिलों के लक्ष्य को निरस्त करते हुए उन्हें दे दिया जाए। साथ ही सचिव को यह भी निर्देश दिए हैं कि तीन दिनों के भीतर आदेश जारी करते हुए जांच आख्या से भी अवगत कराएं और आरएएफसी, एमआई पर कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। कहा कि अगर जरूरत पड़ती है तो एफआईआर करना भी सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *